चोरी का मोबाइल और बटनदार चाकू के साथ खयाला पुलिस ने दबोचा कुख्यात आरोपी

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर नकेल कसते हुए एक कुख्यात और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। रघुबीर नगर पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी को उस समय दबोचा जब वह संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान बलराम उर्फ बल्लू (48 वर्ष), निवासी रघुबीर नगर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू और उत्तम नगर थाना क्षेत्र से चोरी हुआ एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 17 अप्रैल की शाम को खयाला थाना क्षेत्र के रघुबीर नगर में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। एम-ब्लॉक कूड़ा खत्ता के पास टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जो पुलिस को देखते ही तेज कदमों से भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध चाकू और मोबाइल फोन मिला, जो जांच में उत्तम नगर थाना क्षेत्र से चोरी होना पाया गया।

पुलिस टीम में तैनात एसआई किशोर प्रसाद, कांस्टेबल प्रकाश और कांस्टेबल संदीप ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह ऑपरेशन खयाला थाना एसएचओ विनोद कुमार और तिलक नगर एसीपी डॉ. गरिमा तिवारी की देखरेख में संचालित किया गया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी बलराम उर्फ बल्लू एक शातिर अपराधी है और वह अब तक चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे 35 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपी के खिलाफ खयाला थाने में आर्म्स एक्ट के तहत और उत्तम नगर थाने के चोरी के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More