आजादपुर में मोबाइल छीनने का विरोध करने पर महिला की हत्या, पति गंभीर रूप से घायल

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के आजादपुर स्थित टीपीटी सेंटर झुग्गी के पास रविवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अपने बेटे का मोबाइल फोन छीनने का विरोध करने पर दबंगों ने पति-पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को रविवार रात करीब 9:01 बजे पीसीआर कॉल के जरिए चाकूबाजी की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां घायल अवस्था में आशु मिला, जिसे तुरंत बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया। वहीं, उसकी पत्नी राखी को भी गंभीर चोटें आई थीं, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में आशु का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़ित परिवार और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। झगड़े की शुरुआत तब हुई जब तीन स्थानीय युवकों ने आशु के बेटे से उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जब आशु और उसकी पत्नी राखी ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और युवकों ने हिंसक रूप ले लिया। हाथापाई के दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर पति-पत्नी पर कई बार वार किए और फिर मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान रितिक, कुणाल और अरबाज के रूप में की है। पुलिस ने इन तीनों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं, जो उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पीड़ित आशु का बयान दर्ज कर एफआईआर दर्ज की जा रही है।

इस जघन्य हत्याकांड से इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक तत्वों का खौफ बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने की दिशा का सही पता चल सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More