पंजाबी बाग पुलिस ने शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार, अवैध चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर नकेल कसते हुए एक और शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मदीपुर पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान आरोपी को दबोचा और उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि उर्फ मोंटी (24 वर्ष), निवासी निहाल विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी आदतन अपराधी है और उस पर चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट जैसे 14 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 18 अप्रैल की रात करीब दस बजे मदीपुर चौकी की टीम झील पार्क के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक युवक संदिग्ध हालत में पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखते ही युवक ने अचानक यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ।

पुलिस टीम में तैनात एसआई मुकेश यादव और कांस्टेबल अक्षय ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। यह ऑपरेशन पंजाबी बाग थाना एसएचओ जय प्रकाश और एसीपी पंजाबी बाग की देखरेख में संचालित किया गया।

डीसीपी ने बताया कि रवि उर्फ मोंटी एक शातिर अपराधी है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पंजाबी बाग थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More