डबल मनी के लालच में फंसकर गंवाए 2 लाख रुपये, शाहदरा साइबर पुलिस ने दो को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक साइबर फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को निवेश पर चार गुना रिटर्न देने का लालच देकर दो लाख रुपये की ठगी की थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक (23) और सुमित (22) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 15 मार्च को पुनीत ग्रोवर नामक व्यक्ति ने एनसीआरबी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसे व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें लुभावने ट्रेडिंग अवसर का ऑफर दिया गया था। शुरुआत में उसे 10 हजार रुपये के निवेश पर 18 हजार रुपये लौटाकर विश्वास में लिया गया। इसके बाद पीड़ित को चार गुना रिटर्न का झांसा देकर दो लाख रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। जैसे ही पीड़ित ने पैसे ट्रांसफर किए, आरोपियों ने उसे ब्लॉक कर दिया और संपर्क बंद कर दिया। मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर विनीत कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, विकास और संदीप की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक इस साइबर फ्रॉड की साजिश में सीधे तौर पर शामिल था और ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड का मालिक है। वहीं, सुमित उस बैंक खाते का धारक है जिसमें ठगी की गई रकम का 50 हजार रुपये का हिस्सा ट्रांसफर हुआ था। डीसीपी ने आम जनता को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी अनचाहे निवेश ऑफर और फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के प्रति सतर्क रहें। किसी भी योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी पुष्टि जरूर करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत शिकायत करें। मामले में आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More