दिल्ली पुलिस ने गांजा तस्करी के नेटवर्क का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार और 3 किलो से अधिक गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की किशनगढ़ थाना टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3.142 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान के. काइनाका रोचिल (20), ओरजित लामा (29) और पुलोटो (24) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी मूल रूप से नागालैंड के दीमापुर के रहने वाले हैं और दिल्ली में अवैध नशे का धंधा चला रहे थे।

साउथ-वेस्ट जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 4 अप्रैल को किशनगढ़ थाना पुलिस की टीम अरूणा आसफ अली रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान आईयूएसी रेड लाइट के पास टीम को दो संदिग्ध युवक दिखे, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से गांजा बरामद हुआ। मौके पर दस्तावेज न दिखा पाने के कारण पुलिस ने दोनों आरोपी ओरजित लामा और पुलोटो को गिरफ्तार कर धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान मुख्य सप्लायर के. काइनाका रोचिल का नाम सामने आया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी दिल्ली में अलग-अलग काम करते थे और अतिरिक्त कमाई के लालच में नशे के धंधे में उतर गए। मुख्य सप्लायर काइनाका रोचिल कहीं से गांजा खरीदकर लाता था, जिसे पुलोटो आगे बांटता था, जबकि ओरजित लामा इसे छोटे-छोटे पैकेट में पैक कर 500 रुपये की कीमत पर सड़क स्तर पर ग्राहकों को बेचता था। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए पार्सल जैसी पैकिंग का इस्तेमाल करते थे और आपस में गहरे तालमेल के कारण लंबे समय से अपनी गतिविधियों को छिपाने में कामयाब रहे थे।

आरोपियों का प्रोफाइल देखें तो काइनाका रोचिल फूड डिलीवरी बॉय का काम करता था, ओरजित लामा पहले होटल में कार्यरत था और पुलोटो ने बेंगलुरु के कैफे में काम किया था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और गांजे के स्रोत का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More