नौकर की गद्दारी और शातिरों की साजिश, दिल्ली पुलिस ने सुलझाया गोल्फ लिंक्स डकैती कांड, तीन आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: नई दिल्ली जिले की तुगलक रोड थाना पुलिस ने गोल्फ लिंक्स इलाके में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात में शामिल नौकर ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की पटकथा लिखी थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुड्डू कुमार कामत, रमन कामत और अमित सिंह उर्फ गब्बर के रूप में हुई है। पुलिस ने इन शातिरों को पकड़ने के लिए मुंबई और उत्तर प्रदेश में दबिश दी थी।

नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि 17 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे पुलिस को गोल्फ कोर्स इलाके में डकैती की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि चार-पांच दिन पहले ही काम पर रखे गए घरेलू सहायक सुशील ने जानबूझकर घर का मुख्य गेट खोला और अपने 5-6 साथियों को अंदर बुला लिया। आरोपियों ने घर में मौजूद लोगों को धमकाकर कीमती जेवरात और नकदी लूट ली और फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुगलक रोड के एसीपी संतान सिंह रावत की देखरेख में कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी एक मारुति अर्टिगा टैक्सी में भागते हुए दिखे। तकनीकी निगरानी और डेटा विश्लेषण के जरिए पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद एसआई नरेंद्र, एएसआई धनीराम और हेड कांस्टेबल नरेश की टीम ने मुंबई में छापेमारी कर मास्टरमाइंड गुड्डू कुमार कामत और रमन कामत को गिरफ्तार किया। वहीं, एसआई महेश मीणा, हेड कांस्टेबल मक्खन और कांस्टेबल सुरेंद्र की टीम ने उत्तर प्रदेश से तीसरे आरोपी अमित सिंह उर्फ गब्बर को दबोचा।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी गुड्डू कुमार कामत आदतन अपराधी है और उस पर लूट व डकैती के 7 मामले दर्ज हैं। वह पहले भी अलग-अलग जगहों पर नौकर बनकर काम कर चुका है ताकि शिकार की तलाश कर सके। रमन कामत भी इसी तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल है और उसने पीड़ित के घर तीन दिन पहले ही नौकरी शुरू की थी। तीसरा आरोपी अमित सिंह उर्फ गब्बर दिल्ली के संगम विहार का रहने वाला है और उस पर वाहन चोरी के 19 मामले दर्ज हैं। वह इस गिरोह को लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराता था। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More