नरेला में सीएनजी पंप पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने नरेला स्थित एक सीएनजी पंप पर हुई फायरिंग की वारदात का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विनीत कुमार उर्फ बिन्नी (31 वर्ष), निवासी पना ममोरपुर, नरेला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा, कारतूस और घटनास्थल से फरार होने के लिए उपयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 18 अप्रैल को नरेला थाना पुलिस को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल के पास सेक्टर-ए7 स्थित सीएनजी पंप पर फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता गोपाल के बयान पर पुलिस ने धारा 109(1) बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

नरेला एसीपी राकेश कुमार के मार्गदर्शन में एसएचओ राजेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। सटीक मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विनीत को गिरफ्तार कर लिया। टीम में एसआई लोकेश, हेड कांस्टेबल मोहित, हेड कांस्टेबल श्रीकांत, हेड कांस्टेबल बालकिशन और कांस्टेबल मोहित, साहिल व सुमित शामिल थे।

पूछताछ के दौरान आरोपी विनीत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने खुलासा किया कि पिछली रात सीएनजी पंप कर्मचारियों के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी विवाद का बदला लेने के लिए उसने देशी कट्टा का इंतजाम किया और दोबारा पंप पर जाकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और गोली का एक टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने अवैध हथियार कहाँ से खरीदा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More