समयपुर बादली में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, छह नाबालिग पकड़े गए

नई दिल्ली: दिल्ली के समयपुर बादली इलाके की एमसीडी कॉलोनी में 19 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या के मामले में पुलिस ने छह नाबालिगों को पकड़ा है। 14 अप्रैल की शाम को हुई इस खूनी वारदात के पीछे का कारण एक दिन पहले हुआ मामूली विवाद बताया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक 15 वर्षीय किशोर ने ही मुख्य हमलावर की भूमिका निभाते हुए मृतक को चाकू मारा था।

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 7:44 बजे समयपुर बादली थाने को सूचना मिली कि राजीव नामक एक युवक को चाकू मार दिया गया है। पेशे से टेम्पो ड्राइवर राजीव को तुरंत शालीमार बाग के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इस गंभीर मामले की जांच के लिए उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह के नेतृत्व और डीसीपी हरेश्वर स्वामी की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी फिरोज आलम और एसएचओ शैलेन्द्र सिंह जाखड़ की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी छह नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की जड़ में 13 अप्रैल को हुआ एक झगड़ा था। मुख्य आरोपी (15 वर्षीय) और उसकी दादी का मृतक राजीव और उसके पिता के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान बुजुर्ग महिला के प्रति अपमानजनक भाषा और इशारों का इस्तेमाल किया गया था, जिससे गुस्साए किशोर ने अपने पांच अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर अगले दिन इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, सभी छह नाबालिगों को कानून के अनुसार हिरासत में लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More