पंजाबी बाग पुलिस ने शातिर लुटेरे को किया गिरफ्तार, अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन उर्फ गोलू (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आदतन अपराधी है और उस पर लूट, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे 17 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 15 अप्रैल को मदीपुर पुलिस चौकी की टीम पंजाबी बाग थाना क्षेत्र के डी ब्लॉक, रोड नंबर 29 के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक युवक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही युवक ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पुलिस टीम में तैनात हेड कांस्टेबल संदीप और हेड कांस्टेबल अमित यादव ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा जब बाइक की जांच की गई, तो वह पंजाबी बाग थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। पुलिस ने हथियार और बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और दिल्ली के कई थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके अवैध हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके और उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More