राजौरी गार्डन में नशे में धुत कार चालक ने टैक्सी को मारी जोरदार टक्कर, चालक आईसीयू में

नई दिल्ली: दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में शनिवार तड़के नशे में धुत एक कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में सफदरजंग अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक की मेडिकल जांच कराई है, जिसमें उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने लापरवाही और नशे में गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 3:29 बजे की है। पुलिस को पीसीआर के जरिए सूचना मिली कि नजफगढ़ रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के पास पिलर नंबर 408 के निकट दो गाड़ियां—एक टाटा हैरियर और एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी—आपस में टकरा गई हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर टैक्सी सड़क के बाईं ओर रुकी हुई थी, तभी राजा गार्डन की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही टाटा हैरियर ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी कार चालक विकास राठौर (30) ने खुद ही घायल टैक्सी चालक नरेंद्र कुमार (33) को गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, सिर में गंभीर चोट होने के कारण नरेंद्र को वहां से सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी विकास राठौर ने शराब का सेवन कर रखा था, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट में भी हो गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। सड़क पर बेकाबू रफ्तार और नशे के कारण हुई इस घटना ने एक बार फिर रात के समय सड़कों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More