कर्ज में डूबा था युवक, 17 लाख हड़पने के लिए रची ‘गनपॉइंट’ पर लूट की झूठी कहानी, गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के नॉर्थ रोहिणी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा रची गई लूट की फर्जी पटकथा का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। अभिषेक नामक युवक ने खुद को लूट का शिकार बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी सर्विलांस और पुलिस की कड़ी पूछताछ में उसकी पोल खुल गई। पुलिस ने इस मामले में अभिषेक सहित उसके तीन सहयोगियों—अनुज (39) और भरत (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 6 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल खिलौना पिस्तौल और स्कूटी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को लूट की सूचना मिली थी कि अभिषेक को गनपॉइंट पर लेकर 17 लाख रुपये लूट लिए गए हैं। नॉर्थ रोहिणी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। जांच के दौरान जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए, तो पूरी कहानी संदिग्ध लगने लगी। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए अनुज और भरत को दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया।

आरोपियों ने बताया कि अभिषेक आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने अपने साथियों अनुज, भरत और अजय के साथ मिलकर 17 लाख रुपये हड़पने के लिए लूट का ड्रामा रचा था। अभिषेक को ये पैसे किसी काम के लिए दिए गए थे, लेकिन उसने उन्हें खुद रखने के लिए पुलिस को ही झूठी सूचना दे दी। मामले का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि खुद शिकायतकर्ता अभिषेक ही निकला। पुलिस ने अब मामले में आपराधिक साजिश की धाराएं जोड़ दी हैं। फरार आरोपी अजय की तलाश और शेष 11 लाख रुपये की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पुलिस की मुस्तैदी के आगे अपराधियों की कोई भी साजिश सफल नहीं हो सकती।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More