निहाल विहार में आपसी विवाद के बाद व्यक्ति की संदिग्ध मौत, गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में मामूली कहासुनी के बाद एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नारायण वर्मा के रूप में हुई है, जिनका वीर बाजार चौक के पास दो लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। हालांकि, मृतक के शरीर पर चोट के कोई प्रत्यक्ष निशान नहीं मिले थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस ने इसे गैर-इरादतन हत्या का मामला माना है। निहाल विहार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से सूचना मिली कि निहाल विहार निवासी नारायण वर्मा (50) को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। जांच में पता चला कि मौत से कुछ देर पहले नारायण का वीर बाजार चौक पर भगत सिंह (45) और बाबू सिंह (22) नाम के दो व्यक्तियों के साथ तीखा विवाद और हाथापाई हुई थी। घटना के बाद नारायण की स्थिति बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी भगत सिंह और बाबू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या विवाद के दौरान नारायण को कोई अंदरूनी चोट आई थी या सदमे के कारण उनकी जान गई। फिलहाल, दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More