कनॉट प्लेस से भाग रहे थे स्कूटी सवार लुटेरे, मिंटो रोड पर सतर्क हेड कांस्टेबल ने पीछा कर दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की कमला मार्केट थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए दो शातिर झपटमारों और वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैश (23 वर्ष) निवासी मीर दर्द रोड और अब्दुल समद (23 वर्ष) निवासी माता सुंदरी रोड के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी पहले भी लूट और झपटमारी के कई मामलों में शामिल रहे हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल की रात कमला मार्केट थाने के हेड कांस्टेबल अंकुश और नरेश मिंटो रोड स्थित जैन ढाबा के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने कनॉट प्लेस की ओर से एक स्कूटी पर दो युवकों को आते देखा। पुलिस की मौजूदगी देखते ही दोनों ने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने तुरंत उनका पीछा किया और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

जांच के दौरान दोनों आरोपी स्कूटी के कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। जब ‘जिपनेट’ के जरिए स्कूटी की जांच की गई, तो पता चला कि वह 4 अप्रैल को दरियागंज थाने के इलाके से चोरी हुई थी। इसके अलावा, तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध बटनदार चाकू भी मिला। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना थाने को दी, जिसके बाद एएसआई राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में लिया। इस संबंध में कमला मार्केट थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वे स्कूटी चोरी कर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने कबूल किया कि 14 अप्रैल को उन्होंने अजमेरी गेट के एस.एन. मार्ग से एक मोबाइल छीना था और 11 अप्रैल को लक्ष्मी नगर इलाके में एक महिला से झपटमारी की थी। आरोपी उवैश और अब्दुल समद के खिलाफ पहले से ही आईपी एस्टेट और दरियागंज जैसे थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन्होंने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More