अपराध का ‘शतक’ लगाने वाला शातिर पुलिस की गिरफ्त में: आनंद पर्वत इलाके से अवैध शराब के साथ पकड़ा गया

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की एएटीएस टीम ने संगठित अपराध और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आनंद पर्वत इलाके से एक ऐसे खूंखार अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो लूट, चोरी और झपटमारी जैसी 116 संगीन वारदातों में शामिल रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू उर्फ हकला (55 वर्ष) निवासी आनंद पर्वत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित अवैध शराब के दो कार्टन बरामद किए हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि जिले में संगठित अपराध और अंतरराज्यीय शराब तस्करी को रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस पद्म सिंह राणा के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर रघुवीर के नेतृत्व में एसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल रोहन और योगेश की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार संदिग्धों और पुराने अपराधियों पर निगरानी रख रही थी।

11 और 12 अप्रैल की दरम्यानी रात को पुलिस को आनंद पर्वत इलाके में एक अवैध शराब तस्कर की गतिविधि की गुप्त सूचना मिली। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी राजू उर्फ हकला वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध शराब के दो कार्टन मिले, जिन पर ‘सेल इन हरियाणा’ का मार्क लगा हुआ था। इस संबंध में आनंद पर्वत थाने में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राजू उर्फ हकला एक आदतन अपराधी है और दिल्ली के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूटपाट, झपटमारी और चोरी के कुल 116 मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। पुलिस अब उससे कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि अवैध शराब की इस सप्लाई चेन और उसके साथ जुड़े अन्य अंतरराज्यीय तस्करों का पता लगाया जा सके। आरोपी की गिरफ्तारी को क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More