मोबाइल फोन के जरिए चल रहा था जुए का काला खेल: चांदनी महल में पुलिस की छापेमारी, दो धरे गए

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की एएटीएस टीम ने अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान चलाते हुए चांदनी महल इलाके में चल रहे एक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है जो मोबाइल फोन और ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर सट्टा लगवा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महमूद (30 वर्ष) और मोहम्मद रिहान (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तुर्कमान गेट और चितली कबर इलाके के रहने वाले हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को एएटीएस टीम को चांदनी महल की गली कटरा चांदी वाला में अवैध सट्टा गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसीपी ऑपरेशंस पद्म सिंह राणा के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर रघुवीर के नेतृत्व में एएसआई वीरेंद्र, हेड कांस्टेबल राजवीर, सत्यवीर, कांस्टेबल ललित और बिशु की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्धों पर निगरानी शुरू की।

निगरानी के दौरान पुलिस ने देखा कि दो व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए सट्टे का खेल संचालित कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से सट्टे में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और ₹830/- की नकद राशि बरामद हुई। जब उनके मोबाइल फोन की जांच की गई, तो उसमें डिजिटल माध्यमों से किए गए ₹15,365/- के सट्टेबाजी के लेनदेन का पता चला।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल फोन के जरिए लोगों से दांव लगवाते थे और पैसों के लेनदेन के लिए ऑनलाइन मोड का इस्तेमाल करते थे। इस संबंध में चांदनी महल थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है जो इन सट्टेबाजों के संपर्क में थे और इस रैकेट के पीछे के बड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More