फोनपे कर्मचारी बनकर दुकानदारों के साउंड बॉक्स ठीक करने के बहाने मोबाइल से सिम निकालकर बैंक खाता साफ करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला की साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स का कर्मचारी बनकर दुकानदारों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुकानदारों का विश्वास जीतकर उनके मोबाइल से सिम कार्ड निकाल लेता था और फिर अनाधिकृत लेनदेन के जरिए उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा देता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी कुमार (20 वर्ष) निवासी मुरादनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी पहले फोनपे कंपनी में काम कर चुका है, जिसके कारण उसे डिजिटल भुगतान प्रणालियों की गहरी जानकारी थी।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 8 अप्रैल को न्यू अशोक नगर निवासी ऋषिपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और खुद को पेटीएम/फोनपे का प्रतिनिधि बताया। आरोपी ने खराब पेमेंट साउंड बॉक्स को ठीक करने के बहाने दुकानदार का मोबाइल फोन अपने हाथ में ले लिया। इसी दौरान उसने चालाकी से मोबाइल का सिम कार्ड निकाल लिया और बाद में उसी सिम का उपयोग करके बैंक खाते से ₹13,500 निकाल लिए। इस संबंध में साइबर थाना पूर्वी जिला में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एसआई निखलेश, हेड कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल मोहित और भावना की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बैंक लेनदेन का विस्तृत विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि ठगी गई राशि केनरा बैंक के एक खाते में ट्रांसफर की गई है। बैंक रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेजों और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में छापेमारी कर आरोपी सन्नी कुमार को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी मोडस ऑपरेंडी का खुलासा करते हुए बताया कि वह विशेष रूप से उन छोटे दुकानदारों को निशाना बनाता था जो डिजिटल पेमेंट साउंड बॉक्स का उपयोग करते हैं। वह डिवाइस चेक करने के बहाने उनका फोन लेता और सिम बदलकर बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच हासिल कर लेता था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल ओप्पो रेनो-8 मोबाइल फोन, तीन बैंक चेक बुक, कई डेबिट कार्ड और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ शाहदरा साइबर थाने में भी इसी तरह की दो शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य साथियों और अंतरराज्यीय कनेक्शनों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More