ऑफिस से कीमती कंप्यूटर कंपोनेंट्स उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब, गाजियाबाद से दबोचे गए दो आरोपी

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला की पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने एक कार्यालय से कंप्यूटर कंपोनेंट्स की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए रैम और एसएसडी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलिम (30 वर्ष) और कृष्णा (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों आरोपी पेशे से लैपटॉप मैकेनिक हैं, जिन्होंने अपने तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए किया।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 11 फरवरी को संजय कुमार जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र स्थित उनके कार्यालय से भारी मात्रा में कंप्यूटर पार्ट्स चोरी हो गए हैं। इस संबंध में थाना पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अंशुल और हरमीत की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने आलिम और कृष्णा की गतिविधियों को संदिग्ध पाया। पुलिस ने इन पर गुप्त रूप से निगरानी रखनी शुरू की। मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से चोरी किए गए रैम और एसएसडी बरामद हुए। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लैपटॉप रिपेयरिंग का काम जानते थे, इसलिए उन्हें पता था कि कंप्यूटर के कौन से पार्ट्स कीमती होते हैं और उन्हें आसानी से कहाँ बेचा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या उन्होंने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More