मालवीय नगर पुलिस ने डिलीवरी बॉय से लूटपाट करने वाले गिरोह का दो घंटे में पर्दाफाश, महिला रिसीवर समेत 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिला की मालवीय नगर थाना पुलिस ने बेहतरीन कार्यकुशलता का परिचय देते हुए लूटपाट के एक सनसनीखेज मामले को एफआईआर दर्ज होने के महज 2 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो लुटेरों और चोरी का माल खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि यह घटना 15 अप्रैल की है, जब त्रिवेणी कॉम्प्लेक्स के पास एक इंटरनेशनल ट्रैवल ऑफिस के पास दो अज्ञात बदमाशों ने एक डिलीवरी बॉय को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने डिलीवरी बॉय को पीछे से दबोच लिया और उसका गला घोंटने की कोशिश की, जबकि दूसरे साथी ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। इस संबंध में मालवीय नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मालवीय नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई परवीन कुमार, ब्रज प्रकाश, कांस्टेबल आदेश और अरविंद की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी सुरागों पर काम करते हुए पंचशील विहार के डीडीए फ्लैट्स के पास छापेमारी की और दो आरोपियों—अमित कुमार (22 वर्ष) और साहिल दिवाकर (18 वर्ष) को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने लूटा हुआ मोबाइल फोन पंचशील विहार की ही रहने वाली एक महिला को बेच दिया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला प्रिया साहा उर्फ ‘खाला’ (52 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों युवक पहली बार किसी आपराधिक मामले में पकड़े गए हैं, जबकि महिला आरोपी प्रिया साहा पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन युवकों ने किसी के उकसावे में आकर यह कदम उठाया था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में सुरक्षा का भरोसा बहाल किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More