गाड़ी का शीशा तोड़कर सामान उड़ाने वाला ‘ठक-ठक’ गैंग बेनकाब, दो गिरफ्तार, चोरी के 11 मोबाइल और पासपोर्ट बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिला की एएटीएस टीम ने दिल्ली भर में खड़ी कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले कुख्यात ‘ठक-ठक’ गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान रहमत अली उर्फ सिब्बू (42 वर्ष) और हेमंत उर्फ बल्लू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के 16 मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि बाजार क्षेत्रों में कारों से होने वाली चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 14 अप्रैल की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोबाइल चोरी और शीशा तोड़ने की घटनाओं में शामिल दो आदतन अपराधी पुष्पा भवन बस स्टैंड के पास चोरी के फोन बेचने आने वाले हैं।

एसीपी ऑपरेशंस अरविंद कुमार की देखरेख में हेड कांस्टेबल कमल प्रकाश, राज कुमार, नरेंद्र, ईश्वर और कांस्टेबल राम दयाल की टीम ने बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। मुखबिर के इशारा करते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विभिन्न ब्रांडों के 11 चोरी के मोबाइल फोन, लाजपत नगर इलाके से चोरी किया गया एक बैग और पासपोर्ट बरामद हुआ। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी रहमत अली अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है और उस पर पहले से ही 23 मामले दर्ज हैं। वह जुलाई 2024 में जेल से बाहर आया था। वहीं, उसका साथी हेमंत भी 16 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और मई 2024 में ही जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आते ही दोनों ने मिलकर फिर से वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह की गिरफ्तारी से संगम विहार, महरौली, साकेत, मालवीय नगर, हौज खास, ग्रेटर कैलाश और लाजपत नगर जैसे प्रमुख इलाकों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने चोरी का सामान और किन लोगों को बेचा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More