पार्क में बुलाकर लूटने वाली ‘हनी-ट्रैप’ हसीना और उसके दो साथी गिरफ्तार; महरौली पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिला की महरौली थाना पुलिस ने ‘हनी-ट्रैप’ के जरिए लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की महिला सदस्य समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो राहगीरों को अपनी बातों में फंसाकर सुनसान जगह बुलाते थे और फिर चाकू की नोक पर लूट लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (29 वर्ष), समीर (22 वर्ष) और गुनगुन गांधी (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि यह घटना 13 अप्रैल की है, जब बदरपुर-महरौली रोड पर तैनात हेड कांस्टेबल राजू सैनी और कांस्टेबल संजय को एक पीड़ित बैद्यनाथ कामत ने लूट की सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि इंडियन पार्क के पास एक लड़की ने उसे इशारा करके बुलाया। जैसे ही वह उसके पास गया, दो लड़कों ने उसे चाकू दिखाकर घेर लिया और उसका मोबाइल, बैग और नकदी लूटकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही गश्ती दल ने आरोपियों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर राहुल नाम के एक आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू और लूटे गए ₹750 बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद ली और 100 फीट रोड रेड लाइट के पास से गिरोह की महिला सदस्य गुनगुन और उसके साथी समीर को भी गिरफ्तार कर लिया। गुनगुन के पास से पीड़ित का रियलमी मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मुख्य आरोपी राहुल पहले भी लूट और आर्म्स एक्ट के 6 मामलों में शामिल रहा है। गिरोह में गुनगुन गांधी ‘डेकॉय’ (जाल) के रूप में काम करती थी, जो राहगीरों को बातों में फंसाकर अपने साथियों के पास ले जाती थी। समीर के पास से पीड़ित का आधार कार्ड और डायरी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ महरौली थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More