स्वरूप नगर से चुराई थी बाइक और बुराड़ी में कर रहे थे झपटमारी, बुराड़ी पुलिस ने पकड़ा, बाइक और छीना गया मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर जिला की बुराड़ी थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल झपटमारी के एक मामले को महज 36 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन (28 वर्ष) और सुशील (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भलस्वा डेयरी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चोरी की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 13 अप्रैल को हरदोई निवासी ट्रक ड्राइवर सुधीर कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह स्वरूप नगर रोड पर अपना ट्रक खड़ा कर ढाबे से खाना लेकर लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में बुराड़ी थाने में एफआईआर संख्या 246/26 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बुराड़ी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर जसपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि आरोपी भलस्वा डेयरी की कलंदर कॉलोनी की ओर भागे थे। स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी जांच की मदद से आरोपियों की पहचान मोहसिन और सुशील के रूप में हुई। 15 अप्रैल को पुलिस ने भलस्वा डेयरी इलाके में छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से पीड़ित का मोबाइल मिला और जिस बाइक का वे इस्तेमाल कर रहे थे, वह भी स्वरूप नगर इलाके से चोरी की पाई गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे और शराब की लत को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में आए। उन्होंने बताया कि वे मोबाइल छीनने के बाद उसे राहगीरों को सस्ते दामों पर बेच देते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोहसिन पहले भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 5 मामलों में शामिल रहा है, जबकि सुशील भी लूट के एक मामले में नामजद है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन आरोपियों ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More