‘जॉयराइड’ के लिए बाइक करता था चोरी, पेट्रोल खत्म होने पर चोरी के वाहन लावारिस छोड़ देता था, एएटीएस शाहदरा ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की एएटीएस टीम ने दोपहिया वाहनों की चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और तीन स्कूटी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर खेड़ा निवासी काबुल नगर, शाहदरा के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने शाहदरा और उत्तरी जिले के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इलाके में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एएटीएस के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में एसआई अनुज, हेड कांस्टेबल निशांत, योगेंद्र और कृष्णपाल की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 14 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक सक्रिय वाहन चोर चोरी की स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर तेजाब मिल रोड स्थित पार्शवनाथ मेट्रो मॉल के पास आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मॉल के पास जाल बिछाया और संदिग्ध मोटरसाइकिल के पहुंचते ही आरोपी सागर खेड़ा को दबोच लिया। जांच करने पर पता चला कि वह जो हीरो स्पलेंडर बाइक चला रहा था, वह 23 मार्च को शाहदरा थाने के इलाके से चोरी हुई थी। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शाहदरा के शुक्र बाजार चौक स्थित कूड़ा खत्ता के पास से तीन और चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कीं।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी मोडस ऑपरेंडी का खुलासा करते हुए बताया कि वह मुख्य रूप से मौज-मस्ती के लिए वाहन चोरी करता था। वह तब तक वाहन चलाता था जब तक उसका पेट्रोल खत्म न हो जाए और ईंधन खत्म होने पर वह वाहन को किसी भी सुनसान जगह पर लावारिस छोड़ देता था। आरोपी नशे और शराब का भी आदी है और अपनी इन जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध की राह पर चल पड़ा। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More