लेबर के गेटअप में आता था और सो रहे मजदूरों के फोन उड़ा ले जाता था, पुलिस ने शातिर को दबोचा, पांच मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला की पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है जो बेहद शातिराना तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी मजदूर का हुलिया बनाकर निर्माणाधीन इमारतोंमें दाखिल होता था ताकि किसी को उस पर शक न हो और फिर वहां सो रहे असली मजदूरों के मोबाइल फोन व कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को एक मजदूर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था, तभी कोई अज्ञात व्यक्ति उसके और उसके साथियों के पांच मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। इस संबंध में पश्चिम विहार ईस्ट थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। एसीपी पश्चिम विहार राजबीर लांबा और एसएचओ राजपाल के नेतृत्व में एसआई राजेश अत्री, हेड कांस्टेबल प्रदीप, कुलदीप, राकेश और महिला कांस्टेबल नीतू की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा वारदात करने के इरादे से पश्चिम विहार डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास आने वाला है।

पुलिस टीम ने जाल बिछाया और दोपहर करीब 12:15 बजे पीरागढ़ी बस स्टैंड की ओर आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोका। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान राजेश कुमार (19 वर्ष) निवासी विजय नगर, बवाना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 मोबाइल फोन मिले।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह निर्माणाधीन साइट्स पर मजदूर बनकर घुसता था ताकि कोई टोक-टाक न करे। बरामद फोन में से दो फोन इसी केस के निकले, जबकि बाकी फोन पंजाबी बाग और पश्चिम विहार के अन्य चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। आरोपी पहले भी चोरी के दो मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्हें वह चोरी के फोन बेचता था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More