भाग रहे संदिग्ध के पास मिला चाकू, पूछताछ में खुली चोरी की पोल, एलसीडी, सीपीयू और तांबे के तार किए बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के मुंडका थाना पुलिस ने इलाके में हुई सेंधमारी के एक मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले (रिसीवर) कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एलसीडी टीवी, डीवीआर, सीपीयू, गैस कटर और भारी मात्रा में तांबे के बिजली के तार बरामद किए हैं। इसके अलावा, मुख्य आरोपी के पास से एक अवैध बटनदार चाकू भी बरामद हुआ है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल को मुंडका थाने के हेड कांस्टेबल मंजीत, प्रवीण और कांस्टेबल विकास मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त पर थे। मेट्रो पिलर नंबर 593 के पास सर्विस रोड पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जो पुलिस को देखते ही अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगा। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पीछा कर दबोच लिया। आरोपी की पहचान उमेश (32 वर्ष) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उमेश के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। कड़ी पूछताछ में खुलासा हुआ कि उमेश मुंडका थाने में दर्ज सेंधमारी के एक हालिया मामले में भी शामिल था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक 32 इंच का एलसीडी टीवी, एक हिकविज़न डीवीआर और एक सीपीयू बरामद किया।

आरोपी ने आगे बताया कि उसने चोरी का कुछ सामान एक कबाड़ी को बेच दिया है। इस जानकारी पर पुलिस ने मुंडका इलाके में ही छापेमारी कर 70 वर्षीय कबाड़ी ओम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। कबाड़ी की निशानदेही पर पुलिस ने एक गैस कटर, दो मेटल बुश और 9.4 किलोग्राम तांबे के बिजली के तार बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी उमेश फरीदाबाद का रहने वाला है और दिल्ली में आवारा की तरह रहकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन दोनों का संबंध किसी बड़े गिरोह से है जो फैक्ट्रियों और गोदामों को निशाना बनाता है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More