पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भागना पड़ा भारी: निहाल विहार पुलिस ने पीछा कर पकड़े दो शातिर चोर, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिला की निहाल विहार थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर ऑटो-लिफ्टर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप (20 वर्ष) और बलजीत सिंह उर्फ हैप्पी (18.5 वर्ष) के रूप में हुई है, जो निहाल विहार इलाके के ही रहने वाले हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल को निहाल विहार थाने में एक मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीमें लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थीं। 15 अप्रैल को हेड कांस्टेबल धर्मपाल यादव और कांस्टेबल संजीत बाइक गश्ती पर थे। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक बहुत तेज रफ्तार में आ रहे हैं और उनकी बाइक की नंबर प्लेट भी टूटी हुई थी। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवारों ने पुलिस को देखते ही तुरंत यू-टर्न लिया और भागने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें घेरकर दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों संदिग्ध बाइक के कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके और न ही भागने का कोई संतोषजनक कारण बता पाए। जब ‘जिपनेट’ के जरिए मोटरसाइकिल की जांच की गई, तो पता चला कि वह 11 अप्रैल को निहाल विहार के लकड़ फैक्ट्री इलाके से चोरी हुई थी। ।कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने 3-4 दिन पहले ही इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की बाइक जब्त कर ली गई है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या ये किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का हिस्सा हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More