दयाल सिंह कॉलेज के पास नाले में पलटी जेसीबी, ऑपरेटर की दबकर मौत

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित दयाल सिंह कॉलेज के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय जेसीबी ऑपरेटर की मशीन के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब नाले की सफाई के दौरान मिट्टी धंसने से भारी-भरकम जेसीबी अनियंत्रित होकर करीब 16 फीट गहरे नाले में पलट गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का मामला पाते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक की पहचान अभिषेक (23) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के एटा जिले का निवासी था।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को दयाल सिंह कॉलेज के पास ड्रेन सफाई का कार्य चल रहा था। यह कार्य डीएमआरसी के एक सरकारी प्रोजेक्ट के तहत मेसर्स के.आर. आनंद नामक कंपनी द्वारा कराया जा रहा था, जिन्होंने मेसर्स माइलस्टोन अर्थकॉन प्राइवेट लिमिटेड से जेसीबी मशीन किराए पर ली थी। दोपहर के समय जब अभिषेक जेसीबी के जरिए भारी पत्थरों को नाले में धकेल रहा था, तभी नाले के किनारे की कच्ची और असुरक्षित जमीन भार सहन नहीं कर सकी और धंस गई। संतुलन बिगड़ने के कारण मशीन सीधे नाले में जा गिरी और अभिषेक उसके नीचे बुरी तरह फंस गया।

सूचना मिलते ही लोधी कॉलोनी थाना पुलिस और पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद अभिषेक को मशीन के नीचे से निकालकर एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। जांच में सामने आया है कि नाले के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और काम के दौरान जरूरी पर्यवेक्षण की कमी थी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण जिला) अनंत मित्तल ने बताया कि इस संबंध में लोधी कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों की भूमिका की जांच कर रही है कि क्या कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के बाद उन्हें सौंप दिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More