कोचिंग जा रही छात्रा से मोबाइल छीनकर भागा था झपटमार, पुलिस ने पहुंचाया जेल, 6 मोबाइल फोन जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की बिंदापुर थाना पुलिस ने अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक सक्रिय झपटमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी का एक मोबाइल और चोरी के पांच अन्य मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ चप्पल (26 वर्ष) निवासी मोहन गार्डन के रूप में हुई है। आरोपी पहले से ही चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के सात से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देशानुसार, स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए एसीपी डाबरी संजीव कुमार और एसएचओ बिंदापुर नरेश सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नीरज, नरेंद्र और कांस्टेबल राजेश, आशीष व राहुल की एक विशेष ‘क्रैक टीम’ गठित की गई थी। यह मामला 31 मार्च का है, जब हर्षिता नाम की एक छात्रा सुबह अपनी कोचिंग क्लास जा रही थी। हिमालय सागर के पास एक काले रंग की स्कूटी पर आए युवक ने उसका मोबाइल छीना और फरार हो गया। इस संबंध में बिंदापुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

पुलिस टीम ने छात्रा द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी सर्विलांस की मदद से संदिग्ध की पहचान राहुल के रूप में हुई। सटीक सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर राहुल को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल उर्फ चप्पल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहाँ अलमारी के अंदर से छह मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि इनमें से एक फोन छात्रा से छीना गया था, जबकि बाकी पांच फोन चोरी के थे।

आरोपी के प्रोफाइल की जांच करने पर सामने आया कि वह नशे का बेहद आदी है और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए ही वह झपटमारी और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह अक्सर राहगीरों और छात्रों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से बिंदापुर और विकासपुरी थानों में दर्ज झपटमारी व चोरी के 6 अलग-अलग मामले सुलझ गए हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More