देवदूत बना दिल्ली पुलिस का जवान: धू-धू कर जल रही थी इमारत, पहली मंजिल से युवक का किया सुरक्षित रेस्क्यू

नई दिल्ली: बाहरी उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक मकान में लगी भीषण आग के बीच दिल्ली पुलिस के एक जवान की जांबाजी देखने को मिली। अमृत विहार स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर भड़की आग के बीच एक व्यक्ति जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था, जिसे बीट स्टाफ में तैनात हवलदार अंकित ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिसकर्मी की इस त्वरित सूझबूझ और अदम्य साहस की वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय निवासियों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को स्वरूप नगर पुलिस को अमृत विहार स्थित 25 फुट रोड पर एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई नरेंद्र और बीट स्टाफ के हवलदार अंकित तुरंत मौके पर पहुंचे। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो मकान की पहली मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं और वहां रहने वाले तुषार अनुराग (41) आग के बीच बुरी तरह फंस गए थे। चारों ओर फैले धुएं और लपटों के कारण स्थिति बेहद विकट थी। ऐसे में हवलदार अंकित ने बिना वक्त गंवाए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और साहस का परिचय देते हुए आग के बीच प्रवेश कर तुषार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत रही कि हवलदार अंकित की मुस्तैदी के कारण तुषार को समय रहते बचा लिया गया, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घायल को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More