राजौरी गार्डन पुलिस ने चोरी की स्कूटी और दो मोबाइल फोन के साथ खूंखार अपराधी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला की राजौरी गार्डन थाना पुलिस के अंतर्गत सुभाष नगर चौकी की टीम ने एक शातिर और खूंखार अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू (29 वर्ष) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने राजौरी गार्डन और पश्चिम विहार ईस्ट थानों में दर्ज चोरी व वाहन चोरी के तीन मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सुभाष नगर चौकी की टीम गश्त बढ़ा रही थी। 15 अप्रैल की देर शाम, जब पुलिस टीम सुभाष नगर के पास तैनात थी, तभी उन्होंने एक युवक को स्कूटी पर संदिग्ध हालत में आते देखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी पर नियंत्रण खो दिया। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत उसे चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया।

सब-इंस्पेक्टर विक्रांत सिंह, हेड कांस्टेबल शंकर, पिंटू और मनदीप की टीम ने जब स्कूटी की जांच की, तो पता चला कि वह पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिले, जो जांच में राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र से चोरी किए हुए पाए गए।

पूछताछ में आरोपी राजू ने खुलासा किया कि वह दिहाड़ी मजदूरी की आड़ में आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। वह केवल छठी कक्षा तक पढ़ा है और पहले भी वाहन चोरी, लूट और अवैध शराब की तस्करी के चार संगीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने ये मोबाइल फोन किन लोगों से छीने थे और क्या वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More