एम.एस. पार्क पुलिस ने ऑटो-लिफ्टर को दबोचा; चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी और दो बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले की एम.एस. पार्क थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष उर्फ मन्नू उर्फ मोनू (30 वर्ष) निवासी करावल नगर के रूप में हुई है। आरोपी पहले से ही चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के 10 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को एक महिला ने इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार के मार्गदर्शन और एसएचओ राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एसआई संदीप, एएसआई सुनील कुमार और हेड कांस्टेबल अनुज व प्रदीप की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिससे आरोपी मनीष की पहचान हुई।

तकनीकी निगरानी और मानवीय खुफिया जानकारी की मदद से पुलिस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी मनीष को नंद नगरी इलाके से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की दो अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर शाहदरा रेलवे स्टेशन के पास से दो चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।

पूछताछ में आरोपी मनीष ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए ही वाहन चोरी करता था। वह चोरी किए गए वाहनों को बहुत कम कीमतों पर बेच देता था ताकि उसे तुरंत नशीले पदार्थों के लिए पैसे मिल सकें। पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से एम.एस. पार्क थाने में दर्ज वाहन चोरी के तीन महत्वपूर्ण मामले सुलझ गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More