डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स पर डॉक्टर-प्रोड्यूसर बनकर करता था शिकार, 500 से अधिक महिलाओं को फंसाकर ठगे ₹2 करोड़

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला की साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने प्रेम जाल और शादी के झूठे वादों के जरिए देशभर की 500 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बनाया। आरोपी आनंद कुमार (35 वर्ष) निवासी 24 परगना उत्तर, पश्चिम बंगाल, डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स पर डॉक्टर, वकील और बिजनेसमैन जैसी फर्जी पहचान बताकर महिलाओं को ठगता था। पुलिस ने उसके पास से ठगी के पैसों से खरीदे गए सोने के गहने, 4 स्मार्टफोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी अब तक लगभग ₹2 करोड़ की ठगी और वसूली कर चुका है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने ₹7 लाख की ठगी की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात ‘वैभव अरोड़ा’ नाम के व्यक्ति से एक डेटिंग ऐप पर हुई थी। आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित व्यक्ति बताकर पीड़िता का भरोसा जीता और शादी का वादा किया। इसके बाद उसने बिजनेस में घाटे और मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर पीड़िता से ₹7 लाख ऐंठ लिए। जब महिला ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर खुद की मौत का झूठा संदेश भेजकर संपर्क तोड़ दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस संघमित्रा और साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर प्रियंका, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश, मंजीत, राजवीर और मीनाक्षी की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने डिजिटल पदचिन्हों और वित्तीय लेनदेन का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि आरोपी पश्चिम बंगाल के 24 परगना इलाके में छिपा है। पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर आरोपी आनंद कुमार को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ‘डॉ. रोहित बहल’, ‘तरुण’ और ‘वैभव’ जैसे कई नामों से फर्जी प्रोफाइल चलाता था। वह महिलाओं से निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लेता था और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 500 से अधिक महिलाओं को निशाना बनाया है। ठगी गई रकम का एक बड़ा हिस्सा उसने ऑनलाइन गेमिंग और लग्जरी लाइफस्टाइल पर खर्च किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आनंद पहले भी दिल्ली और गाजियाबाद में साइबर अपराध के दो मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसके अन्य बैंक खातों व नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More