प्यास के बहाने की थी बुजुर्ग महिला के घर की रेकी, फिर घर में घुसकर किया मारपीट और यौन शोषण, पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की रंजीत नगर थाना पुलिस ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और यौन शोषण के घृणित मामले को महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश (27 वर्ष) निवासी बलजीत नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को पांडव नगर इलाके से तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर दबोचा है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल को रंजीत नगर थाने में एक बुजुर्ग महिला के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पीड़िता को पटेल नगर के एसवीबीपी अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जांच के आधार पर मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। अगले दिन, पीड़िता की बेटी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसकी मां के साथ यौन शोषण भी किया है। मेडिकल जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 76 जोड़ी गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पटेल नगर के मार्गदर्शन और एसएचओ रंजीत नगर के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर गरिमा, हेड कांस्टेबल विकास और कांस्टेबल सचिन व गजेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक पीड़िता के घर में घुसते और बाहर निकलते दिखाई दिया। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सहायता से पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और 13 अप्रैल को उसे पांडव नगर से धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी मुकेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह 9 अप्रैल को पानी मांगने के बहाने महिला के घर गया था ताकि रेकी कर सके। महिला को घर में अकेला देख वह 11 अप्रैल को दोबारा आया और जबरन घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल अपराधी को सलाखों के पीछे पहुँचाया, बल्कि बुजुर्गों की सुरक्षा के प्रति दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता को भी दोहराया है। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More