बस्ती तकिया काले खां में गश्त के दौरान गांजे के साथ महिला आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की आई.पी. एस्टेट थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 447 ग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमा (35 वर्ष) निवासी मीर दर्द रोड, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आई.पी. एस्टेट थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को हेड कांस्टेबल नदीम मीर दर्द रोड स्थित बस्ती तकिया काले खां इलाके में रूटीन गश्त पर थे। दोपहर करीब 2:40 बजे, स्थानीय मस्जिद के पास गली के कोने पर बैठी एक महिला पुलिस को देखते ही संदिग्ध रूप से वहां से भागने लगी। महिला के हाथ में एक काली पॉलिथीन थी। शक होने पर पुलिसकर्मी ने पीछा कर उसे रोक लिया।

जब पुलिस ने उस काली पॉलिथीन की तलाशी ली, तो उसमें हरी पत्ती और बीजों से भरे कई छोटे पैकेट मिले। प्राथमिक जांच और गंध के आधार पर इसकी पहचान गांजे के रूप में हुई। वजन करने पर कुल 447 ग्राम गांजा पाया गया। महिला की पहचान शमा के रूप में हुई, जो इलाके की ही रहने वाली है। वह मौके पर अपनी मौजूदगी और नशीले पदार्थ के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।

पूछताछ के दौरान आरोपी शमा ने कबूल किया कि वह गांजा बेचने का काम करती है। उसने खुलासा किया कि उसका पति पहले अवैध शराब बेचने के मामले में शामिल था और उसे दिल्ली से तड़ीपार किया जा चुका है। घर का खर्चा चलाने और कमाई बढ़ाने के लिए वह वजीराबाद के एक सप्लायर के संपर्क में आई और गांजा बेचना शुरू कर दिया। पकड़े जाने से चार दिन पहले ही उसने ₹10,000 का गांजा खरीदा था और उसकी लगभग 100 छोटी पुड़िया बिक्री के लिए तैयार की थी। फिलहाल पुलिस मुख्य सप्लायर और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More