करोल बाग पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा शातिर ऑटो-लिफ्टर, चोरी की पल्सर बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की करोल बाग थाना पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरव उर्फ बंटी (22 वर्ष) निवासी करोल बाग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी डीबीजी रोड थाने का घोषित बदमाश है और उस पर दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे एएसआई अमरीश, कांस्टेबल कुलदीप और कमलजीत करोल बाग के क्रिश्चियन कॉलोनी इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल स्टार्ट करने की कोशिश करते देखा। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। जांच करने पर पता चला कि वह मोटरसाइकिल उसी दिन करोल बाग थाने से चोरी हुई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी सौरव उर्फ बंटी ने खुलासा किया कि उसने यह बाइक 12-13 अप्रैल की दरम्यानी रात को चुराई थी और शक से बचने के लिए इसे पास की एक गली में खड़ा कर दिया था। 13 अप्रैल की रात जब वह बाइक लेने वापस आया, तब पुलिस ने उसे दबोच लिया। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में भी आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि हुई है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है। मात्र 22 साल की उम्र में वह पटेल नगर, कीर्ति नगर, मोती नगर, तिलक नगर, विकासपुरी, पश्चिम विहार और शाहदरा जैसे दिल्ली के लगभग हर हिस्से में वारदातों को अंजाम दे चुका है। उस पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मुकदमे भी दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी के वाहनों को कहाँ बेचता था और उसके साथ इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More