पहाड़गंज के बार में पुलिस का छापा: अश्लील डांस और ड्रग्स का खेल उजागर, मैनेजर समेत कई धरे गए

नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित एक नामी बार में चल रहे अनैतिक कार्यों और नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ की टीम ने पचकुइयां रोड स्थित ‘सूत्र’ बार में छापेमारी कर वहां चल रहे अश्लील नृत्य और बिना लाइसेंस की गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को वहां से संदिग्ध मादक पदार्थ भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बार के मैनेजर तस्लीम (42) सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही नियमों के उल्लंघन को लेकर नगर निगम को बार का लाइसेंस रद्द करने के लिए सूचित किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पचकुइयां रोड स्थित बार में नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने रेड की, तो वहां कुछ लोग आपत्तिजनक नृत्य और प्रदर्शनों में संलिप्त पाए गए। जांच करने पर पता चला कि बार प्रबंधन के पास ऐसी गतिविधियों के आयोजन के लिए आवश्यक लाइसेंस तक नहीं था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पहाड़गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 223ए और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

छापेमारी के दौरान जब वहां मौजूद लोगों की तलाशी ली गई, तो दो व्यक्तियों के पास से संदिग्ध ड्रग्स की छोटी मात्रा बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत एक अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बार में ड्रग्स की सप्लाई कहाँ से हो रही थी और इसमें बार प्रबंधन की कितनी मिलीभगत है। फिलहाल मैनेजर तस्लीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More