अपराध से अर्जित साम्राज्य ध्वस्त: जुए के किंगपिन की फॉर्च्यूनर और थार समेत 5 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की एएटीएस टीम ने संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी मिसाल पेश करते हुए भारत नगर इलाके के कुख्यात अपराधी जितेंद्र उर्फ जीतू की लगभग ₹05 करोड़ मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करा दिया है। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र, जिसे थाना भारत नगर द्वारा बैड कैरेक्टर घोषित किया गया है, और उसकी पत्नी ज्योति के विरुद्ध आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने की यह बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत 10 अचल संपत्तियों, दो लग्जरी वाहनों और कई बैंक खातों को धारा 107 बीएनएसए के तहत जब्त किया गया है।

उत्तर-पश्चिम जिला की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि संगठित अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति के तहत इंस्पेक्टर जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व वाली एएटीएस टीम ने एक विशेष जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू बुनकर कॉलोनी इलाके में संगठित जुए का एक बड़ा नेटवर्क चला रहा था। वह हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे 15 गंभीर मामलों में शामिल रहा है। उसकी निरंतर आपराधिक गतिविधियों के कारण उसे जनवरी 2026 में दिल्ली से तड़ीपार भी किया गया था।

पुलिस टीम ने एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका की निगरानी में जितेंद्र और उसकी पत्नी ज्योति के वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने अवैध जुए से अर्जित काली कमाई को सफेद करने के लिए अपने नाम पर बुनकर कॉलोनी में कई आलीशान मकान और टोयोटा फॉर्च्यूनर व महिंद्रा थार रॉक्स जैसी महंगी गाड़ियां खरीदी थीं। जब माननीय रोहिणी कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को आय के वैध स्रोत दिखाने के लिए तलब किया गया, तो वे कोई भी संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद अदालत ने उनकी संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश पारित किया।

फ्रीज की गई संपत्तियों में बुनकर कॉलोनी स्थित चार बहुमंजिला भवन और फ्लैट शामिल हैं। साथ ही एक्सिस, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा में मौजूद उनके बैंक खातों को भी सील कर दिया गया है। डीसीपी के अनुसार, इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अपराधियों को उनके द्वारा अर्जित अवैध लाभ से वंचित करना और संगठित अपराध सिंडिकेट को जड़ से समाप्त करना है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की भी तलाश कर रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध इस तरह की कड़ी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More