शालीमार बाग पुलिस ने ब्लिंकिट स्टोर में हुई लूट की गुत्थी सुलझाई, चाकू दिखाकर कैश लूटने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की शालीमार बाग थाना पुलिस ने साहीपुर गांव स्थित एक ब्लिंकिट स्टोर में हुई लूट की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई राशि में से दस हजार रूपए बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक गुलाटी (24 वर्ष) निवासी शालीमार गांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसने विलासिता पूर्ण जीवन व आसान पैसे की चाहत में इस लूट को अंजाम दिया था।

उत्तर-पश्चिम जिला की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 13 अप्रैल की दोपहर साहीपुर गांव स्थित ब्लिंकिट स्टोर में लूट की वारदात हुई थी। स्टोर के कर्मचारी मोहम्मद हसीब ने शिकायत दी कि एक अज्ञात व्यक्ति स्टोर में घुसा और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने जबरन कैश ड्रॉअर की चाबी छीनी और वहां रखे ₹17,200/- लूटकर फरार हो गया। इस संबंध में शालीमार बाग थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी रोहित गुप्ता और एसएचओ रामपाल के नेतृत्व में एसआई गौरव, कांस्टेबल आशीष और सुभाष की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्टोर और आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान रितिक गुलाटी के रूप में हुई। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान रितिक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई नकदी में से ₹10,000/- बरामद कर लिए हैं। पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि रितिक एक आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी व अन्य वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस अब बाकी की रकम की बरामदगी और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने हाल के दिनों में इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More