वेलकम में माचिस न देने पर युवक को उतारा था मौत के घाट, पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना पुलिस ने जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास हुई अकील अहमद (39) की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को हिरासत में लिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के पीछे कोई बड़ी रंजिश नहीं, बल्कि माचिस न देने जैसा मामूली विवाद था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ चिकना (19), फैजान उर्फ काला (23) और साहिल उर्फ बौना (20) के रूप में हुई है, जो सभी वेलकम की जनता मजदूर कॉलोनी के रहने वाले हैं।

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 23 मार्च की सुबह जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान बाद में अकील अहमद के रूप में हुई। वेलकम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रूपेश खत्री के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों व तकनीकी सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने इमरान, फैजान और साहिल सहित एक किशोर को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपियों ने बताया कि वारदात वाले दिन उन्होंने रास्ते में अकील को रोका और उससे बीड़ी जलाने के लिए माचिस मांगी थी। अकील द्वारा मना करने पर बात गाली-गलौज तक पहुँच गई। इसी मामूली बहस से आक्रोशित होकर आरोपियों ने अकील पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वे पूर्व में भी ऐसी किसी आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं। फिलहाल, सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More