गांधी नगर पुलिस ने शातिर ऑटो-लिफ्टर को दबोचा, चोरी की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद, तीन मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर और सेंधमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फुरकान अली शेख (24 वर्ष) निवासी शास्त्री पार्क के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने गांधी नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के कुल तीन मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इलाके में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए गांधी नगर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसआई विकास, हेड कांस्टेबल राहुल और अमन शामिल थे, जिन्होंने एसएचओ राजकुमार के नेतृत्व और एसीपी गांधी नगर की देखरेख में काम किया। 9 अप्रैल को दर्ज हुई एक स्कूटी चोरी की ई-एफआईआर की जांच के दौरान पुलिस ने शास्त्री पार्क इलाके से संदिग्ध फुरकान अली शेख को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी फुरकान अली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद कर ली है। जांच में सामने आया कि फुरकान अली एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी के 3 मामले दर्ज हैं। आरोपी ने खुलासा किया कि वह शराब और स्मैक के नशे का आदी है और अपनी इस लत को पूरा करने के साथ-साथ अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए वह वाहन चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से गांधी नगर थाने के तीन अलग-अलग ई-एफआईआर मामलों का निपटारा हो गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या वह किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का हिस्सा है और चोरी के वाहनों को कहां ठिकाने लगाता था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More