दिनदहाड़े चोरी करने वाला आदतन अपराधी पुलिस की गिरफ्त में, सोने-चांदी के जेवर बरामद, सेंधमारी के 3 मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले की एम.एस. पार्क थाना पुलिस ने मुस्तैदी की एक मिसाल पेश करते हुए दिनदहाड़े हुई सेंधमारी की गुत्थी को महज 4 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में ‘नाटा’ के नाम से कुख्यात एक शातिर सेंधमार को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील इरफान उर्फ इरफान उर्फ नाटा (35 वर्ष) निवासी न्यू सीमापुरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी चोरी व सेंधमारी के 21 मामलों में शामिल रहा है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 12 अप्रैल को एम.एस. पार्क थाने में दिनदहाड़े हुई एक चोरी के संबंध में पीसीआर कॉल और ई-एफआईआर प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार और एसएचओ राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एसआई संदीप, एएसआई सुनील और हेड कांस्टेबल अनुज, प्रदीप व जितेंद्र की एक ‘क्रैक टीम’ गठित की गई। टीम ने तुरंत घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया।

तकनीकी निगरानी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी शकील उर्फ नाटा की पहचान की और घेराबंदी कर उसे सीमापुरी इलाके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चांदी के कंगन, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सिक्के, पायल, बिछिया, सोने की नोज पिन, मंगलसूत्र, चांदी की चेन, कलाई घड़ियां और एक इलेक्ट्रिक प्रेस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए ही घरों में सेंधमारी करता था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से एम.एस. पार्क थाने में हाल ही में दर्ज हुए सेंधमारी के तीन महत्वपूर्ण मामले सुलझ गए हैं। आरोपी नाटा इतना शातिर है कि वह दिन के समय सूने घरों की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी का सामान कहां बेचता था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More