वेलकम में सनकी पति ने गला घोंटकर की पत्नी की हत्या, खुद थाने पहुंचकर जुर्म किया कबूल

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र स्थित जनता मजदूर कॉलोनी में बुधवार तड़के एक युवक ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। रूह कंपा देने वाली इस वारदात के बाद आरोपी पति ने भागने के बजाय खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी दीपक (28) को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह तड़के करीब 4-5 बजे के आसपास दीपक थाना वेलकम पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। यह सुनते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम तुरंत दीपक के बताए हुए पते पर पहुंची, जहां कमरे के फर्श पर उसकी पत्नी बेसुध पड़ी मिली। उसे आनन-फानन में जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं ताकि वैज्ञानिक आधार पर मामले को पुख्ता किया जा सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। बुधवार तड़के भी किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जो इतनी बढ़ गई कि दीपक ने आवेश में आकर अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। वारदात के समय घर में और कौन मौजूद था, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने हत्या के बाद पछतावे या कानून के डर से खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता लगाया जा सके। इलाके के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More