श्मशान घाट के पास दबोचा गया वाहन चोर, तिलक नगर पुलिस ने बरामद कीं दो चोरी की बाइक

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला की तिलक नगर थाना पुलिस के अंतर्गत तिलक विहार चौकी की टीम ने एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ गोली (25 वर्ष) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने तिलक नगर और डाबरी थानों में दर्ज वाहन चोरी के दो मामलों को सुलझा लिया है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। 13 अप्रैल को तिलक विहार चौकी की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उनकी नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। मुस्तैदी दिखाते हुए हेड कांस्टेबल प्रदीप, धर्मवीर और कांस्टेबल महेंद्र की टीम ने उसे तिलक नगर श्मशान घाट के पास रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल तिलक नगर थाना क्षेत्र से चोरी की पाई गई।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी रोहित उर्फ गोली ने वाहन चोरी की अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तिलक विहार के पार्किंग एरिया से एक और मोटरसाइकिल बरामद की, जो डाबरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपी को संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहित एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी चोरी व अन्य अपराधों के 17 मामलों में शामिल रहा है। वह भीड़भाड़ वाले इलाकों और पार्किंग से मास्टर चाबी या लॉक तोड़कर मोटरसाइकिलें उड़ाने में माहिर था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी के इन वाहनों को किसे बेचता था और क्या उसके साथ इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More