रिक्शा चलाने की आड़ में करता था घरों की रेकी: मादीपुर पुलिस ने दबोचा शातिर चोर, चांदी के कड़े और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला की पंजाबी बाग थाना पुलिस के अंतर्गत मादीपुर चौकी की टीम ने एक शातिर सेंधमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक चांदी का कड़ा, दो मोबाइल फोन और एक वाटर मीटर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश उर्फ गोलू (27 वर्ष) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पंजाबी बाग और विकासपुरी थानों में दर्ज सेंधमारी व चोरी के 04 मामलों को सुलझा लिया है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी चोरी व आर्म्स एक्ट के 20 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि 6 अप्रैल को पश्चिम पुरी इलाके में एक घर से जेवर और नकदी चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी जय प्रकाश और एसएचओ संजय दहिया के मार्गदर्शन में मादीपुर चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मुकेश यादव, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, वीरेंद्र और कांस्टेबल विकास की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी शुरू की।

13 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मादीपुर के झील वाला पार्क के पास आने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और संदिग्ध नितेश उर्फ गोलू को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने पश्चिम पुरी में हुई सेंधमारी के साथ-साथ इलाके में हुई कई अन्य चोरियों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी पेशे से रिक्शा चालक है, जिसकी आड़ में वह दिन के समय गलियों में घूमकर बंद पड़े घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही सेंधमारी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी ने बताया कि वह अपनी जरूरतों और नशे के लिए चोरी करता था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने चोरी के गहने और मोबाइल किन लोगों को बेचे थे। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More