ख्याला पुलिस ने खूंखार लुटेरे को दबोचा, कब्जे से अवैध चाकू और चोरी का मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला की ख्याला थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक खूंखार झपटमार और लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार अवैध चाकू और चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरज उर्फ रवि (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उस पर हत्या व आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों के 26 मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा, उसे दिल्ली से 6 महीने के लिए तड़ीपार भी किया गया था, जिसका उल्लंघन कर वह दिल्ली में रह रहा था।

पश्चिम जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि रघुबीर नगर चौकी की टीम इलाके में गश्त और चौकसी बढ़ा रही थी। 12 अप्रैल की शाम करीब 5:10 बजे, जब पुलिस टीम ड्रेन एरिया के पास गश्त कर रही थी, तब उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस को देखते ही उसने रास्ता बदल लिया और तेजी से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पीछा कर काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान धीरज उर्फ रवि के रूप में हुई।

सब-इंस्पेक्टर किशोर प्रसाद और कांस्टेबल प्रकाश की टीम ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से दिल्ली सरकार द्वारा प्रतिबंधित एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा, उसके पास से मिले मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला कि वह ख्याला थाना क्षेत्र से ही चोरी किया गया था। पुलिस ने तुरंत चाकू और मोबाइल को जब्त कर लिया।

आरोपी के रिकॉर्ड की जांच करने पर पुलिस दंग रह गई। धीरज उर्फ रवि अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है और उस पर हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पेशे से मजदूर होने का दावा करने वाला यह आरोपी असल में लूट और झपटमारी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि तड़ीपार होने के बावजूद वह किसके संरक्षण में दिल्ली में छिपा हुआ था और उसने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More