नाबालिग को दी थी खिलौना पिस्तौल, जांच में जुटी पटेल नगर पुलिस ने आरोपी से बरामद किया अवैध चाकू

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला की पटेल नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के महिमामंडन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक नाबालिग लड़के को खिलौना पिस्तौल मुहैया कराई थी, जिसका इस्तेमाल वह सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के लिए कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल उर्फ गनी (24 वर्ष) निवासी प्रेम नगर, पटेल नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली सरकार द्वारा प्रतिबंधित एक बटन वाला चाकू भी बरामद किया है। इस मामले में पटेल नगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पटेल नगर पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक नाबालिग लड़के की पहचान हुई, जिसके पास से एक खिलौना पिस्तौल बरामद हुई। जब उस लड़के से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि यह पिस्तौल उसे अब्दुल उर्फ गनी नामक व्यक्ति ने दी थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी अब्दुल उर्फ गनी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटन वाला अवैध चाकू मिला। आरोपी अब्दुल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी पटेल नगर थाने में दर्ज पोक्सो एक्ट और मारपीट के दो गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नाबालिगों को हथियारों के प्रति आकर्षण और अपराध की दुनिया से दूर रखना है। आरोपी अब्दुल जैसे लोग नाबालिगों को ऐसे उपकरण मुहैया कराकर उन्हें गलत दिशा में प्रोत्साहित कर रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य युवाओं को भी इस तरह के सामान सप्लाई किए हैं। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More