ख्याला पुलिस ने 85 आपराधिक मामलों में शामिल शातिर घोषित अपराधी को दबोचा, रोबरी के मामले में चल रहा था फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला की ख्याला थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 85 आपराधिक मामलों में संलिप्त एक शातिर घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन उर्फ छंगा (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इंदरपुरी थाने के एक लूट के मामले में फरार चल रहा था। आरोपी को अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था और वह लंबे समय से अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने आरोपी को एक गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर रणनीतिक रूप से दबोचा है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भगोड़ों और घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए रघुबीर नगर चौकी की टीम द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 11 अप्रैल को इंस्पेक्टर विनोद कुमार और एसीपी गरिमा तिवारी के नेतृत्व में एसआई किशोर प्रसाद, हेड कांस्टेबल बिजेंद्र, अनिल, दिनेश, मनोज और कांस्टेबल साजिद की एक टीम गठित की गई। टीम को सूचना मिली कि इंदरपुरी रोबरी केस में वांछित अर्जुन इलाके में किसी खास मकसद से आने वाला है।

पुलिस टीम ने जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और चिन्हित स्थान पर घेराबंदी की। मुखबिर के इशारे पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए अर्जुन उर्फ छंगा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी पेशे से रिक्शा चालक है, लेकिन वह अपराध की दुनिया में काफी सक्रिय रहा है। वह अपनी पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने में माहिर था, जिसके कारण वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अर्जुन एक आदतन अपराधी है और उस पर दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी जैसे कुल 85 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इतनी बड़ी संख्या में मामलों में शामिल होने के कारण वह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More