ड्यूटी से लौट रहे व्यक्ति के साथ की मारपीट और लूटपाट, बिंदापुर थाना पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा, लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की बिंदापुर थाना पुलिस ने रात के समय राहगीरों से मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इन नाबालिगों के कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। इस वारदात के संबंध में बिंदापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 5-6 अप्रैल की दरमियानी रात को शिकायतकर्ता मनोज ने पुलिस को सूचना दी कि जब वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी उसके घर के पास गली में खड़े 3-4 लड़कों ने उसके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। आरोपियों ने मनोज के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन व बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में टिफिन और 40 रुपये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डाबरी संजीव कुमार और इंस्पेक्टर मनोज भास्कर के नेतृत्व में एक क्रैक टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल नीरज, नरेंद्र और कांस्टेबल राजेश, आशीष व संदीप शामिल थे।

पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण के दौरान 3-4 लड़के शिकायतकर्ता का बैग लेकर भागते हुए दिखाई दिए। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की सहायता से पुलिस ने चार संदिग्धों की पहचान की, जिनमें से तीन को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि पकड़े गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि इस वारदात में उनका एक अन्य साथी अंकित भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है।

हिरासत में लिए गए एक नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपी अंकित की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि ये लड़के रात के समय सुनसान गलियों में अकेले आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। फिलहाल पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि क्या इन नाबालिगों ने पहले भी इस तरह की किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More