पंजाबी बाग पुलिस ने खूंखार अपराधी को दबोचा, चोरी की स्कूटी और बटन वाला चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम जिला की पंजाबी बाग थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सक्रिय अपराधी और ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विकासपुरी इलाके से चोरी की गई एक नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक बटन वाला अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष उर्फ नोनू (25 वर्ष) निवासी करोल बाग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पंजाबी बाग थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पश्चिम जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि स्ट्रीट क्राइम को रोकने के लिए गोल्डन पार्क चौकी क्षेत्र में गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए थे। 10-11 अप्रैल की दरमियानी रात को हेड कांस्टेबल मोहित और कांस्टेबल निर्मल ट्रांसपोर्ट सेंटर के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को देखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने का प्रयास किया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध चाकू बरामद हुआ और स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि वह विकासपुरी थाने से चोरी की गई थी।

इस सफल ऑपरेशन को गोल्डन पार्क चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मंजीत सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मोहित, सागरमल और कांस्टेबल निर्मल की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में गहन निगरानी और रणनीतिक पेट्रोलिंग की जा रही थी, जिसका परिणाम इस गिरफ्तारी के रूप में सामने आया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी।

पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि मनीष उर्फ नोनू एक आदतन अपराधी है। वह पहले भी पटेल नगर, पंजाबी बाग, मोती नगर और आनंद पर्वत जैसे थानों में दर्ज लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और वह चोरी के वाहनों को कहां ठिकाने लगाता था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More