द्वारका जिला पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में फरार घोषित अपराधी को किया गिरफ्तार, नजफगढ़ इलाके से धरा गया आरोपी

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की जेल-बेल एंड प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स सेल ने एक विशेष अभियान के तहत आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे एक घोषित अपराधी (पीओ) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सादाब (25 वर्ष) निवासी गुरु दयाल विहार, चंचल पार्क के रूप में हुई है। आरोपी सादाब को दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने 1 अप्रैल को घोषित अपराधी करार दिया था, क्योंकि वह आर्म्स एक्ट और धमकी देने के एक पुराने मामले में अदालती सुनवाई से लगातार बच रहा था।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिले में घोषित अपराधियों और सक्रिय बदमाशों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक और इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी, जिसमें हेड कांस्टेबल कुलवंत सिंह, महेश, कांस्टेबल अशोक और अंकुर शामिल थे। टीम लगातार तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर भगोड़ों की तलाश कर रही थी।

8 अप्रैल को जब पुलिस टीम नजफगढ़ इलाके में मौजूद थी, तब कांस्टेबल अंकुर को गुप्त सूचना मिली कि बाबा हरिदास नगर थाने के एक मामले में फरार चल रहा घोषित अपराधी सादाब चंचल पार्क के गुरु दयाल विहार इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जाल बिछाकर सादाब को धर दबोचा। पुलिस ने उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सादाब का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कम से कम तीन संगीन मामलों में शामिल रहा है। उस पर नजफगढ़, बाबा हरिदास नगर और डाबरी थानों में मुकदमे दर्ज हैं। वह साल 2022 के एक मामले में जमानत मिलने के बाद से फरार चल रहा था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और यह पता लगा रही है कि फरारी के दौरान वह और किन गतिविधियों में शामिल था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More