पुरानी कहासुनी बनी जान की दुश्मन, सुल्तानपुरी में चार किशोरों ने सरेराह चाकू से गोदकर युवक को मार डाला

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली का सुल्तानपुरी इलाका सोमवार को उस वक्त थर्रा उठा, जब पुरानी रंजिश के चलते चार किशोरों ने एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन किशोरों को पकड़ लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने सुल्तानपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए किशोरों से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान निवासी ई-2 ब्लॉक, सुल्तानपुरी के रूप में हुई है। सोमवार शाम करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया गया है। घायल को तुरंत संजय गांधी मेमोरिय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक का अपने ही ब्लॉक के कुछ किशोरों के साथ पिछले कुछ समय से मामूली बातों को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, यह छोटे-मोटे झगड़े कभी पुलिस तक नहीं पहुंचे थे, लेकिन अंदर ही अंदर पनप रही रंजिश सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गई।

पुलिस तफ्तीश में पता चला कि सोमवार शाम जब मृतक का सामना मुख्य आरोपी किशोर ‘ए’ और उसके तीन अन्य साथियों से हुआ, तो उनके बीच पुरानी बातों को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चारों किशोरों ने मृतक को घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दबिश दी और वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर तीन किशोरों को हिरासत में ले लिया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More